यमनी सेना के प्रवक्ता यहया सरी ने अपने एक बयान में सऊदी अरब के यनबो क्षेत्र के निकट एक तेल प्रतिष्ठान पर किए गए हमले को यमन के ख़िलाफ़ सऊदी गठजोड़ के अपराधों और यमन की घेरेबंदी जारी रहने की प्रतिक्रिया बताया है। उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि अगर सऊदी गठजोड़ के हमले जारी रहते हैं तो सऊदी अरब के भीतर और भी कार्यवाहियां की जाएंगी, कहा कि यमन की सेना, सऊदी शत्रु के हमलों को रुकवाने के लिए अपनी सभी संभावनाओं का इस्तेमाल करेगी और असैनिक लक्ष्यों को छोड़ कर दुशमन के सभी संवेदनशील और रणनैतिक स्थानों को निशाना बनाएगी।
ज्ञात रहे कि मंगलवार को यमनी सेना के ड्रोन विमानों ने ऊदी अरब के यनबो क्षेत्र के निकट एक तेल प्रतिष्ठान को निशाना बनाया था जिसके चलते सऊदी अरब द्वारा प्रतिदिन तीस लाख बैरल तेल निर्यात करने की प्रक्रिया पूरी तरह ठप्प हो गई है। सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री ख़ालिद अलफ़ालेह ने भी कहा है कि शरक़िया और यनबो के बीच लाल सागर के तट पर तेल की पाइप लाइन पर यमनी सेना के ड्रोन विमानों ने हमला किया है।